सोनभद्र। भारत निर्वाचन आयोग ने लोक सभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी है। आयोग ने जिला प्रशासन से शीघ्र संवेदनशील/अतिसंवेदनशील बूथों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। डीएम अमित कुमार सिंह के निर्देश पर राबर्ट्सगंज, घोरावल और दुद्धी तहसील के एसडीएम अपने मातहतों से संवेदनशील बूथों की रिपोर्ट तैयार कराने में जुट गए हैं। बताते चले कि वर्ष 2019 मेें होने वाले लोक सभा चुनाव में 937 मतदान केंद्र और 145 बूथों पर 1324989 वोटर वोट डालेंगे। इसमें महिला मतदाता छह लाख नौ हजार 495 और पुरूष मतदाता सात लाख 15 हजार 450 है। थर्ड जेंडर 44 है। इस बार 33 970 मतदाताओं के नाम बढ़े है और 16825 लोगों का मतदाता सूची से नाम काटा गया है। घोरावल विधान सभा में 370743 वोटर, राबट्र्सगंज में 329182 वोटर, ओबरा में 313621 वोटर और दुद्धी में 311443 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मार्च 2019 के प्रथम सप्ताह में आचार संहिता लगने की संभावना है। इसको देखते हुए डीएम ने सदर तहसील के एसडीएम शादाब असलम, दुद्धी के रामचंद्र यादव और घोरावल एसडीएम भानू प्रताप सिंह से जल्द से जल्द संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। तहसीलदारों की देखरेख में नायब तहसीलदार, कानूनगो और लेखपाल अपने-अपने क्षेत्र के बूथों का भ्रमण कर रिपोर्ट तैयार कराने में जुट गए है। डीएम अमित कुमार सिंह ने कहा कि सभी एसडीएम को रिपोर्ट मुहैया कराने का निर्देश दिया गया है। कहा कि आयोग के निर्देशानुसार चुनाव कराने की तैयारी की जा रही है।