अनपरा। अखिल भारतीय उच्च तकनीकी शिक्षा एवं विकास समिति ने राज्य सभा सांसद को पत्र लिखकर एनसीएल के बीना परियोजना स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण व पार्क बनाये जाने की मांग की है। अखिल भारतीय उच्च तकनीकी शिक्षा एवं विकास समिति अध्यक्ष एस के गौतम ने राज्य सभा सांसद रामसकल को लिखे पत्र में उल्लेखित किया है कि बीना परियोजना स्थित रामजानकी मंदिर एवं शिव मंदिर के बीच खाली पड़ी जमीन पर कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों के लिए एक पार्क एवं रामजानकी मंदिर स्थित तालाब का सौंदर्यीकरण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तालाब में छठ पूजा एवं देव दिपावली कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष आयोजित किये जाते है। सुबह-शाम कर्मचारी तालाब के आस-पास टहलते भी है। तालाब में फव्वारे और बैठने के लिए सीमेंट की कुर्सियों का निर्माण कर दिया जाय तो कर्मचारियों सहित स्थानीय नागरिकों को काफी राहत हो जायेगी। समिति की मांग पर राज्य सभा सांसद रामसकल ने एनसीएल के सीएमडी को पत्र लिखकर बीना व कृष्णशिला परियोजना के महाप्रबंधकों को निर्देशित करने का आग्रह किया है।