रेणुकूट। क्षेत्र के खाड़पाथर में स्थित ग्रीनलैंड स्कूल में छात्रों को ग्रामीण परिवेश से नजदीक से परिचित कराने के लिए दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र के हथवानी गांव ले जाया गया, जहां बच्चों को पांच ग्रुपों में बांटकर गांव का भ्रमण कराया गया। सभी बच्चों ने गांव में घूमकर अति निर्धन लोगों को कपड़ों और कंबल का वितरण किया। विद्यालय के छात्रों ने गरीब ग्रामीणों को जागरूक किया कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा के लिए स्कूल अवश्य भेजें। बच्चों ने ग्रामीणों को शिक्षा का महत्व भी बताया। छात्रों के साथ गए अध्यापकों ने बच्चों को खेत में ले जाकर ग्रामीणों के साथ फसलों के बारे में बताया कि किस मौसम में कौन-कौन सी फसल होती है। कुछ बच्चे गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में भी गए। वहां बच्चों से पढ़ाई के संबंध में बातचीत की और उनके साथ गीत भी गाए। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य, उपप्रधानाचार्य व अध्यापक मौजूद रहे।