बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ शाश्वत मंच का बेमियादी अनशन सोमवार को भी जारी रहा। चौथे दिन अनशनकारी संदीप सोनकर की तबियत बिगड़ गई। पुलिस ने उसे ओबरा तापीय परियोजना अस्पताल में भर्ती कराया। इससे पहले अनशनकारी रवि गोंड़ की तबियत बिगडने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंच के संयोजक श्यामजी मिश्रा अभी अनशन पर बैठे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया जा रहा है। रात्रि में प्रतिबंधित पोकलेन चलना सामान्य बात हो गई है। अवैध वसूली में भाजपा और प्रशासन के जिम्मेदार बसपा, सपा राज को भी पीछे छोड़ चुके हैं। अवैध खनन के बाद भी गिट्टी, बालू का दाम आसमान छू रहा है। मंच के अध्यक्ष विपुल शुक्ला ने कहा कि केंद्र सरकार की योजना शौचालय, प्रधानमंत्री आवास आदि के कार्य महंगी गिट्टी, बालू की वजह से प्रभावित हुए हैं। अवैध खनन बंद करने के साथ इसमें लिप्त लोगों पर जब तक कार्रवाई नहीं की जाती तब तक अनशन जारी रहेगा। इस मौके पर अरविंद राय, राजू चौबे, जहाजी खां, शिवम सिन्हा, मोनू आदि मौजूद रहे।