अनपरा । तापीय परियोजना लैंको को 31 मार्च के बाद रोड डिस्पैच कोयले की आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। एनसीएल खड़िया के महाप्रबंधक ने लैंको परियोजना को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी। एनजीटी का हवाला देते हुए महाप्रबंधक ने पत्र भेजा है। इसकी एक प्रति अनपरा थानाध्यक्ष को भेजी गई है।
बता दें कि एनजीटी ने ऊर्जांचल में प्रदूषण की भयावहं स्थिति को देखते हुए सड़क मार्ग से कोयला के परिवहन पर रोक लगाया है। हालांकि इस आदेश का पालन न तो जिला प्रशासन ही करा सका है और न ही एनसीएल के अधिकारी। एनसीएल के खड़िया परियोजना के महाप्रबंधक ने लैंको को भेजे पत्र में सड़क मार्ग से 31 मार्च तक कोयला आपूर्ति करने की बात कही है। इनका कहना है कि एनजीटी ने सड़क मार्ग से कोयला के परिवहन पर रोक लगा दिया है। ऐसी स्थिति में ले लैंको को महज 31 मार्च तक ही सड़क मार्ग से कोयला की आपूर्ति कर सकेंगे। उन्होंने लैंको परियोजना के अधिकारियों से रेलवे लाइन बिछाए जाने को कहा है ताकि कोयला की आपूर्ति अनवरत जारी रह सके। लैंको परियोजना के एचआर हेड एसके द्विवेदी ने बताया कि रेलवे लाइन बिछाए जाने का काम तेजी से शुरू होने वाला है। परियोजना में कोयले की किल्लत नहीं होने दी जाएगी।