बीजपुर। म्योरपुर ब्लाक के जरहां ग्राम पंचायत में पेयजल संकट गहराने लगा है। 17 टोले के इस गांव की 20 हजार आबादी पेयजल संकट से जूझ रही है। पेयजल की आपूर्ति के लिए पोथी पाथर में लाखों की लागत से लगा सोलर ऊर्जा पंप भी कारगर साबित नहीं हो रहा है। यह काफी दिनों से खराब पड़ा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सोलर पंप के माध्यम से सभी टोलों में पाइप लाइन के जरिए पानी की सप्लाई की जाती थी लेकिन जब से वह खराब हुआ है लोगों के सामने पेयजल किल्लत गहरा गया है। हालत यह है कि ग्रामीणों को काफी दूर से हैंडपंपों से पानी लाकर काम चलाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इसकी शिकायत कई बार जल निगम के संबंधित अधिकारियों से की गई लेकिन अब तक समाधान नहीं हो सका। जरहा में पानी टंकी और पंप हाउस लगा है। इससे भी पाइप लाइन बिछाकर पेयजल की व्यवस्था है लेकिन इससे मात्र 15 लोगों को ही कनेक्शन दिए गए हैं। पंप हाउस चलाने वाले आपरेटर माया राम ने बताया कि इस पंप हाउस से जो पाइप लाइन जोड़ी गई है, वह ऊंचाई होने के कारण पानी चढ़ नहीं पाता। जिससे इसका लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है। यह भी बताया कि अख्तर अली, जीरा देवी, धर्मराज, नंद किशोर, विजय शंकर, प्रियंका सिंह, मीरा, रफीक, सफीक, ओमप्रकाश, निर्मल कुमारी, दया शंकर, नीलम, पप्पू, अतुल, मदनलाल, नसरुद्दीन आदि मात्र डेढ़ दर्जन कनेक्शनधारी इतनी बड़ी व्यवस्था से जुड़कर लाभ ले रहे है जबकि सही तरीके से पाइप लाइन बिछाकर जोड़ा जाय तो सैकड़ों लोग इस पानी टंकी से लाभान्वित हो सकते है।