कस्बे में स्थित एक क्लीनिक पर चिकित्सक की लापरवाही से बुधवार को बराईडांड़ निवासी पवन कुमार (30) की मौत हो गई। इससे नाराज परिवार के लोगों ने चिकित्सक के क्लीनिक पर जमकर हंगामा मचाया। इस पर चिकित्सक ताला बंद कर मौके से भाग निकला। परिजनों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के पड़री ग्राम पंचायत के बराईडांड़ निवासी पवन कुमार (30) की तबीयत मंगलवार की दोपहर के बाद स्नान करने की वजह से खराब हो गई। परिजन उसे ले जाकर म्योरपुर कस्बा स्थित एक क्लीनिक में भर्ती कराया। जहां पर रात भर चले उपचार के बाद सुबह में युवक की अचानक हालत बिगड़ गई। चिकित्सक ने बुधवार की सुबह युवक की हालत खराब देख परिजनों को कटौली स्थित दूसरे सेंटर पर जाने की सलाह दी। वहां पर भी चिकित्सक के न होने की वजह से परिजन उसे रेणुकूट स्थित राय नर्सिंग होम ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। शव को लेकर म्योरपुर कस्बे में चिकित्सक के क्लीनिक के बाहर जमकर हंगामा किया। इस दौरान चिकित्सक ताला बंद कर भाग खड़ा हुआ। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक की लापरवाही से युवक की मौत हुई है। ऐसे में परिजनों ने थाने पहुंचकर युवक के शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के साथ ही तहरीर देकर चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग की। सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर राजीव रंजन ने कहा कि युवक की मौत की पुष्टि हुई है। चिकित्सालय पंजीकृत है अथवा नहीं इसकी जांच चल रही है। जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।