सोनभद्र। जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज समेत जिले भर के डाककर्मी बुधवार को केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर हड़ताल पर रहे। इसकी वजह से कामकाज प्रभावित रहा और लोग परेशान रहे। राबर्ट्सगंज मुख्य डाकघर पर डाक कर्मियों ने ताला बंद कर विरोध-प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी भी की।
डाक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष उदय नारायण सिंह ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने दस सूत्री मांगों के समर्थन में समूचे देश भर में हड़ताल का आह्वान किया है। इसके समर्थन में जिले भर के डाक कर्मी डाक घरों में ताला बंद करके विरोध-प्रदर्शन करते हुए हड़ताल का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि डाक विभाग के सभी संवर्ग के रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति किए जाने, न्यू स्कीम एवं टेकभनोलॉजी के नाम पर हो रहे कर्मचारियों के उत्पीड़न को बंद किए जाने, निजीकरण, ठेकाकरण एवं आउटसोर्सिंग की व्यवस्था पर रोक लगाए जाने, पेंशनरों को सीजीएचएस सुविधा प्रदान किए जाने, सीपी कर्मचारियों को संशोधित मजदूरी एवं एरियर का भुगतान किए जाने, विभागीय कर्मचारियों के वेतन/भत्ते पर आयोग की रिपोर्ट तत्काल लागू किए जाने के साथ ही विभागीय कर्मचारियों की सदस्यता सत्यापन सूची की घोषणा एवं जीडीएस कर्मचारियों के सदस्यता सत्यापन सुनिश्चित किए जाने की मांगें शामिल हैं। डीपी वर्मा, पीएन यादव एवं शिवचरन गुप्ता ने कहा कि जब तक मांगें नहीं मान ली जाती हैं तो समय-समय पर केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर हड़ताल की जाएगी। अलियार राम, अशोक कुमार श्रीवास्तव, मनोज कुमार शर्मा, रामनरायन पटेल, किरन वर्मा, नंदकिशोर सिंह, जयशंकर मिश्रा, रामकिशुन आदि शामिल रहे। इसी प्रकार से चोपन, ओबरा, रेणुकूट, घोरावल, रामगढ़, दुद्धी, बभनी, म्योरपुर आदि जगहों पर भी डाक घरों में ताला बंद कर डाक कर्मी हड़ताल पर रहे।