सोनभद्र। राबर्ट्सगंज ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत मारकुंडी के ग्रामीणों ने गुरुवार को प्रधानमंत्री आवास आवंटन में धांधली का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट पर विरोध-प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन देकर अपात्रों का आवंटन निरस्त कर पात्रों के चयन की मांग उठाई।
क्षेत्र पंचायत सदस्य परदेशी सोनकर और रामनरेश यादव ने कहा कि अनुसूचित जाति के पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित किया जाना है लेकिन ग्राम प्रधान, सेक्रेटरी एवं पंचायत मित्र अधिकारियों की मिली भगत से अपात्रों से सुविधा शुल्क लेकर उनका चयन कर सूची जारी कर दिया है। इससे पात्र लोग इस महत्वाकांक्षी योजना के लाभ से वंचित हो जा रहे हैं। जितेंद्र कुमार और चंद्रिका प्रसाद सोनकर ने कहा कि सात जुलाई को भी कार्यालय में शिकायती पत्र दिया गया था, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। कहा कि शिकायत करने पर तरह-तरह की धमकी मिल रही है। महेंद्र, धरमू यादव एवं शंभू यादव ने कहा कि अगर मामले की जांच कराकर शीघ्र आवास का आवंटन रद्द नहीं किया जाता तो पात्र लोग इस लाभ से वंचित रह जाएंगे। रामअवतार, गिरधारी, संजय, गेनी प्रसाद, लक्ष्मीना, प्रभावती, भूल्लन आदि शामिल रहे।