सोनभद्र/दुद्धी। जिले में शुक्रवार की शाम कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे लोगों को कड़ी धूूप और उमस से निजात मिली। उधर दुद्धी कोतवाली के गुलालझरिया गांव में बारिश के साथ गिरी बिजली की चपेट में आने से एक बालिका की मौत हो गई जबकि एक बालक झुलस गया।
मौसम में हो रहे बदलाव से लोग बीमार हो रहे हैं, वहीं हल्की बारिश कभी राहत तो कभी परेशानी का सबब बन जा रही है। शुक्रवार को दोपहर बाद तक मौसम काफी तल्ख था। कड़ी धूप ने परेशान कर रखा था। लेकिन दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे के बाद कई क्षेत्रों में बारिश हुई। राबर्ट्सगंज में शाम चार बजे के बाद बारिश की हल्की बुंदे पड़ीं। इससे उमस भरी गर्मी से लोगों को निजात मिली। उधर दुद्धी में बारिश के साथ गिरी बिजली एक परिवार पर कहर बन गई। क्षेत्र में हुई बारिश के दौरान गुलालझरिया गांव में तेज हवा चली और बिजली भी गिरी। तेज हवा चलने के दौरान पेड़ से गिरे आम को लेने लिए गांव की सोनी (10) पुत्री बृजनारायण और भरत (8) पुत्र रमाशंकर खेत में गए थे। इस दौरान अचानक गिरी बिजली की चपेट में आने से दोनों झुलस गए। सोनी वहीं अचेत होकर गिर पड़ी। उसके कपड़े फट गए और शरीर झुलस गया। बिजली गिरने से आम का पेड़ भी गिर पड़ा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान विजय मंगल को दी। ग्राम प्रधान ने लोगों की मदद से बालक-बालिका को सामुदायिक केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने बालिका को देखते ही मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से झुलसे बालक का उपचार चल रहा है। घटना की सूचना पर सर्किल कानूनगो भैरो सिंह, हल्का लेखपाल अनिल कुमार मौर्या ने मौके का जायजा लिया। इसकी रिपोर्ट अधिकारियों को देने की बात कही।