चुर्क। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (एसआईएच) का शनिवार को समापन हो गया। दो दिवसीय कार्यक्रम में 40 टीमों के 180 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर तकनीकी कौशल, नवाचार और समस्या-समाधान की क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतिभागी टीमों में 29 सॉफ्टवेयर और 11 हार्डवेयर आधारित टीमें शामिल रहीं। कार्यक्रम के पहले दिन विशेषज्ञों और अतिथियों ने प्रतिभागी टीमों के प्रोजेक्ट का अवलोकन कर विद्यार्थियों को आवश्यक सुझाव और मार्गदर्शन दिया।
विद्यार्थियों को अपने प्रोजेक्ट में सुधार करने के साथ ही व्यावहारिक और प्रभावी तकनीकी समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। दूसरे दिन सभी टीमों के प्रोजेक्ट का मूल्यांकन किया गया।
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. प्रशांत पांडेय ने बताया कि मूल्यांकन के बाद चयनित प्रोजेक्ट को स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के ग्रैंड फिनाले के लिए अग्रसारित किया जाएगा।
मुख्य अतिथि स्मृति आर नायक मुख्य व्यवसाय अधिकारी अदाणी पावर ने विद्यार्थियों को नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में के. देवास नेसन, वाई. विष्णुवर्धन संस्थापक एवं सीईओ एक्सपोसिस डेटा लैब्स तथा डॉ. अरविंदा कुमार प्रतिनिधि एक्सपोसिस डेटा लैब्स ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें नए विचारों के साथ तकनीकी समस्याओं के प्रभावी समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस मौके पर डॉ. अमोद कुमार तिवारी, डॉ. हिमांशु कटियार, डॉ. देवेंद्र कुमार त्रिपाठी, डॉ. कल्पना सिंह, डॉ. हरीश चंद्र उपाध्याय, डॉ. आशीष रंजन मिश्रा, राम ईश्वर वैस, सिकंदर और आशीष श्रीवास्तव सहित अन्य फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।