सोनभद्र। जिले में पिछले चौबीस घंटे के दौरान एसपी कार्यालय के तीन कर्मियों समेत 38 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही अब तक पॉजिटिव मिले लोगों की संख्या 4788 हो गई है। इसके अलावा 58 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ घोषित किए गए। बुधवार को 38 और लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर जिले में एक्टिव मामले 158 हो गए हैं। इसकी पुुष्टि सीएमओ डॉ. एसके उपाध्याय ने की है।
चिकित्सकों की टीमें बुधवार को भी संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेने में जुटी रहीं। बुधवार को 1873 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए गए। बुधवार को 1855 लोगों की रिपोर्ट भी आई। इसमें 38 पॉजिटिव और 1817 की रिपोर्ट निगेटिव मिली। सीएमओ के मुताबिक अब तक 218857 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए जा चुके हैं। इनमें से 217331 लोगों की रिपोर्ट आई है। इसमें 4788 पाजिटिव और 212543 निगेटिव मिले हैं। अन्य 1526 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। संक्रमित मरीजों में से 71 की मौत हो चुकी है। 23 की मौत सोनभद्र और 48 की दूसरे जिलों में इलाज के दौरान हुई है। बुधवार को संक्रमित मिले लोगों के आवासों के आसपास बैरिकेडिंग करने व सैनिटाइजेशन के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।