बुधवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल के कंप्यूटर और इंटर कृषि शास्त्र विज्ञान की परीक्षा हुई। कंप्यूटर परीक्षा में 1567 के सापेक्ष 1546 और कृषि शास्त्र विज्ञान में पंजीकृत 83 बच्चों में से 70 परीक्षा में शामिल हुए। द्वितीय पाली में इंटर के मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र एवं तर्क शास्त्र की परीक्षा हुई।
वहीं मंगलवार को दूसरे पाली में इंटर के भौतिक विज्ञान मेें पंजीकृत 5538 परीक्षार्थियों मेें से 5245 और व्यापारी संगठन एवं पत्र व्यवहार में 729 मेें से 696 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। विभिन्न कारणों से 360 ने परीक्षा छोड़ दी।
बुधवार प्रथम पाली में सुबह साढ़े सात बजे से हाईस्कूल के कंप्यूटर और इंटर कृषि शास्त्र विज्ञान की परीक्षा शुरू हुई। प्रवेश द्वार पर शिक्षक और शिक्षिकाओं ने परीक्षार्थियों की तलाशी ली। राबर्ट्सगंज में स्थित राजकीय बालिका इंटर कालेज, राजा शारदा महेश इंटर कालेज, आदर्श इंटर कालेज, संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कई सेक्टर प्रभारियों ने छापेमारी की। हालांकि एक भी नकलची नहीं पकड़े गए।
पंडित देवधारी राम चौबे उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घुरमा, हंसवाहिनी इंटर कालेज कसया, सावित्री प्रकाश इंटरमीडिएट कालेज बगही, जनता इंटर कालेज परासी, जय ज्योति इंटर कालेज चुर्क में भी परीक्षा के दौरान सचल दस्ता ने जांच पड़ताल की।
जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष मिश्रा का कहना है कि सभी केंद्र व्यवस्थापकों को चेतावनी जारी की गई है कि अगर परीक्षा के दौरान नकलची पकड़े गए तो उन्हें लापरवाह मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।