जिले के घोरावल विधान सभा क्षेत्र में 45 करोड़ 84 लाख 39 की लागत से दो नये पंप कैनाल की स्वीकृति मिली है। इसके जरिए क्षेत्र के 36 गांवों के किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। अप्रैल-मई माह में इसका शुभारंभ होगा। उम्मीद जताई जा रही है कि अक्तूबर-नवंबर माह से किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलने लगेगी। मुड़िल्लाडीह-धरसड़ा पंप कैनाल की सौगात मिलने से क्षेत्रीय लोगों ने हर्ष जताया है।
बताते चलें कि घोरावल विधान सभा क्षेत्र के लोग लंबे अरसे से सिंचाई सुविधा के लिए पंप कैनाल की मांग कर रहे थे। अब जाकर उनकी मांगों को शासन ने पूरा किया है। घोरावल विधायक रमेश चंद्र दुबे ने बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सिंचाई मंत्री से उन्होंने पंप कैनाल की मांग उठाई थी। सरकार ने एक की जगह दो-दो पंप कैनाल मुड़िल्लाडीह और धरसड़ा की सौगात दी है। मुड़िल्लाडीह पंप कैनाल योजना की क्षमता 40 क्यूसेक है जिसकी लागत 24 करोड़ 12 लाख 79 हजार है।
इसके बनने से मुड़िल्लाडीह, ओदार, लोहधरा, मैद, जमगाई, जूड़ी, पतेरी, घोरिया, पडऱीखुर्द, पडऱीकला, खड़हरा, चौसण्डा, ओरारी, सरवट, बेलखुरी एवं मैद दो आदि गांवों के 1266 हेक्टेयर असिंचित भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
धरसड़ा पंप कैनाल की क्षमता 20 क्यूसेक की है, जिसकी लागत 21 करोड़ 71 लाख छह हजार रुपये है। इसके निर्माण के बाद धरसड़ा, टेढ़ी, मरसड़ा, जैमोहरा, विसरेखी आदि गांवों के 590 हेक्टेयर असिंचित भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। विधायक ने बताया कि अप्रैल और मई माह में इसका शुभारंभ किया जाएगा। आने वाले अक्तूबर और नवंबर माह में पंप कैनालों से पानी उठाकर किसानों के खेतों तक पहुंचाने का कार्य शुरू हो जाएगा।