सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न बीमारियों से पीड़ित 36 मरीज पहुंचे। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार और दवाएं उपलब्ध कराईं। स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. जेपी सिंह ने बताया कि मेले में सर्दी-जुकाम, बुखार, वायरल फीवर, पेट दर्द और शुगर से संबंधित मरीजों की जांच की गई। बारिश के मौसम को देखते हुए मरीजों को खानपान में सावधानी बरतने, साफ पानी पीने और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव के दौरान संक्रमण से बचाव के लिए आसपास साफ-सफाई रखने के साथ स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। इस दौरान मनोज राठौर, कृष्णकांत चौबे, चरनजीत सिंह समेत स्वास्थ्य केंद्र के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।