सोनभद्र। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत जिले की करीब 35 हजार बुजुर्ग महिलाएं अब रोडवेज बसों में निशुल्क सफर कर सकेंगी। योजना के तहत 60 वर्ष या इससे अधिक आयु की महिलाओं को यह सुविधा दी जा रही है। शासन की तरफ से इसी रक्षाबंधन से इस सुविधा का शुभारंभ किया गया है।
जिले में 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों की संख्या लगभग 75 हजार है। इनमें महिला और पुरुष दोनों शामिल हैं। इनमें लगभग 35 हजार बुजुर्ग महिलाएं शामिल हैं। जिनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक है। इन बुजुर्ग महिलाओं को योजना का सीधा लाभ मिलेगा। शहर या ग्रामीण क्षेत्र की बुजुर्ग महिलाओं को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा करने के लिए अपनी पहचान और आयु प्रमाणित करने वाला आधार कार्ड या निर्वाचन कार्ड साथ रखना होगा। सोनभद्र डिपो के एआरएम नंदलाल वर्मा का कहना है कि रक्षाबंधन से लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत का उद्देश्य बुजुर्ग महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
अस्पताल और जिला मुख्यालय आने में होगी सहूलियत
सोनभद्र भौगोलिक रूप से बड़ा जिला है। यहां कई गांव जिला मुख्यालय से 130 से 140 किलोमीटर की दूरी पर हैं। प्रमुख कस्बों से काफी दूरी पर स्थित हैं। ऐसे में बुजुर्ग महिलाओं को इलाज, पेंशन, सरकारी कामकाज, बाजार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए बसों से आवागमन करना पड़ता है। निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने से दूर दराज से मुख्यालय आने वाली इन बुजुर्ग महिलाओं के आने-जाने का खर्च कम होगा और उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।