सोनभद्र। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार अभी कम नहीं हुई है। शुक्रवार की सुबह आई जांच रिपोर्ट में पता चला कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 362 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें अनपरा तापीय परियोजना के साथ-साथ अन्य औद्योगिक कंपनियों के कर्मचारी भी शामिल हैं।
जिला प्रशासन की तरफ से सभी तहसीलों के एसडीएम, सर्किल आफिसर, थाना और चौकी इंचार्जों को कोरोना गाइड लाइन का पालन कराने का निर्देश दिया गया है। उक्त निर्देश के क्रम में अधिकारियों की तरफ से लोगों को सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी कोरोना से पीड़ित लोगों के घर जाकर उन्हें स्वास्थ्य सुविधा देने के साथ परिवार के लोगों के अलावा आसपास के लोगों को कोरोना वायरस से बचाव की जानकारी दे रही है। इसके बावजूद जिले में कोराना की रफ्तार कम नहीं हो रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह दस बजे से शुक्रवार की सुबह दस बजे तक 362 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। प्रभारी सीएमओ डॉ. वीके अग्रवाल ने बताया कि टीमें संक्रमितों के घर जाकर मेडिकल किट मुहैया कराने में जुटी हैं। उन्होंने लोगों से बेवजह घरों से न निकलने की अपील किया है।
ईओ समेत 34 लोग मिले संक्रमित
घोरावल। नगर पंचायत घोरावल के ईओ चैतन्य कुमार तिवारी समेत नगर में आधे दर्जन कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से नगर में हड़कंप मच गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ मुन्नाप्रसाद ने बताया कि बीएचयू लैब से शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में घोरावल ब्लॉक के कुल 34 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से 6 घोरावल नगर पंचायत क्षेत्र में रहते हैं। वहीं शुक्रवार को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटीजन जांच में चार लोग कोरोना संक्रमित पाए। नगर पंचायत के ईओ चैतन्य कुमार तिवारी ने अपील की है कि जो लोग उनके संपर्क में आए हैं, वे सभी लोग अपनी जांच करा लें और होम क्वारन्टीन हो जाएं। सभी नगरवासी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और मास्क व सेनेटाइजर का प्रयोग करें क्योंकि इस समय अपनी सुरक्षा में ही सबकी सुरक्षा निहित है। जिन्हें कोई भी लक्षण दिखाई दे तो तत्काल अपनी कोरोना जांच कराएं।