घोरावल तहसील में समाधान दिवस पर जन समस्या सुनते डीएम एस राजलिंगम और एसपी आशीष श्रीवास्तव।
सोनभद्र/दुद्धी/घोरावल। जिले की तीनों तहसीलों में मंगलवार को सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में कुल 453 मामले आएं। इसमें 32 मामलों का निस्तारण मौके पर किया गया। शेष मामलों के निस्तारण के लिए टीम गठित की गई। अधिकारी तहसील परिसर में नागरिकों की समस्याएं सुनने के साथ ही विभागीय योजनाओं का स्टाल लगाकर नागरिकों को जानकारी दे रहे थे। मुख्य सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस घोरावल में जिलाधिकारी एस राजलिंगम व पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने मौजूद सभी अधिकारियों का दायित्वबोध कराते हुए कहा कि तहसील दिवस में अब संबंधित विभाग के अधिकारी अपने-अपने विभागों के समस्याओं को सुनेंगे और जो प्रकरण मौके पर निस्तारित नहीं होंगे, उनका प्रकरण सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस के मौके पर विभागीय कार्मिकों की टीम की ओर से किया जायेगा। जो मामले एक या दो दिन के अंदर निस्तारित नहीं होंगे, उनका निस्तारण उच्च स्तरीय अधिकारी मौके पर जाकर करेंगे। ढलाई में मानक की अनदेखी रेही के ग्राम प्रधान के लिखाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने स्कूलों के कायाकल्प का काम सभी स्कूलों में शुरू न होने पर नाराजगी जताते हुए एडीओ पंचायत को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। शिवद्वार मंदिर व उसके आस-पास की जमीनों का पैमाइश करके अतिक्रमण हटवाते हुए शिवद्वार मंदिर का ट्रस्ट बनाकर व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए। ग्राम अहरौरा में जमीनी विवाद के निस्तारण के तहसीलदार को खुद मौके पर जाकर निस्तारण करने के निर्देश दिए। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के गोदामों में तौल के स्थान पर सीसी टीवी कैमरा लगवाने के निर्देश दिए।