सोनभद्र। जिले में मंगलवार को एक बार फिर मौसम में परिवर्तन हो गया। दोपहर बाद से आसमान में बादल छा गए और फिर बूंदाबांदी शुरू हो गई। शाम तक आसमान में बादल छाए रहे और बारिश होती रही। शाम करीब छह बजे के बाद बारिश बंद हुई लेकिन गलन बढ़ी है। मौसम साफ होने पर गलन और बढ़ने की संभावना है। जिला कृषि अधिकारी पीयूष राय का कहना है कि इस बारिश से फिलहाल फसलों को फायदा है लेकिन यदि इसी तरह बारिश होती रही तो फसलों में कीट लगने की संभावना बढ़ जाएगी। इससे किसानों को क्षति हो सकती है। मंगलवार को सुबह तेज धूप थी। हालांकि हवा तेज होने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मौसम सामान्य रहेगा लेकिन दोपहर बाद बारिश होने से गलन बढ़ गई है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि अभी ठंड और बढ़ सकती है। उधर मौसम वैज्ञानिक विनीत यादव का कहना है कि अभी आने वाले दिनों में भी हल्की बूंदाबांदी और तेज ठंड हवाएं चलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि मौसम में आर्दता बनी रहेगी। बता दें कि तीन दिन पूर्व भी मौसम में परिवर्तन हुआ था और अचानक बारिश शुरू हो गई थी। इससे गलन बढ़ गई थी। लेकिन बाद में फिर मौसम सामान्य हो गया था। दोपहर मेें तेज धूप और रात में ज्यादा गलन होने लगी। इससे लोग बीमार भी हो रहे हैं।