सिंगरौली। एनसीएल निगाही परियोजना ने शनिवार को ग्रामीण बाल विकास की दिशा में अमिलवान ग्राम-पंचायत के 4 आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत 120 बच्चों को यूनिफार्म, जूता, स्कूल बैग, खिलौना, स्टडी चार्ट एवं स्टेशनरी सामग्रियों का वितरण किया गया। इस दौरान चारों आंगनबाड़ी केंद्रों के उपयोग के लिए एक-एक आलमारी प्रदान की गई। मुख्य अतिथि डीपीएसए निगाही के प्रधानाचार्य एस थापर ने कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए ग्रामीणों से अपने बच्चों के संपूर्ण शारीरिक एवं मानसिक विकास हेतु उन्हें प्रतिदिन आंगनबाड़ी केंद्र में भेजने की अपील की। उपस्थित बच्चों से विभिन्न प्रकार की शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक गतिविधियां भी कराकर उनका ज्ञानार्जन करने के साथ उन्हें प्रोत्साहित भी किया। निगाही परियोजना की स्टाफ अधिकारी कविता गुप्ता ने निगाही एरिया को आवंटित ग्राम-पंचायतों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्रों में किए जा रहे विभिन्न कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में निगाही क्षेत्र ने इन ग्राम-पंचायतों की आंगनबाडिय़ों के विकास पर विशेष ध्यान दिया है। अब निगाही क्षेत्र का अगला लक्ष्य गहिलरा एवं खटखरी पंचायतों के 4 प्राथमिक विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करना है। यूनिफॉर्म एवं अन्य सामान पाकर बच्चों एवं उनके अभिभावकों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर दिनेश कुशवाहा, साजिद नसीम के साथ भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।