बीजपुर। एनटीपीसी रिहंद की तरफ से नैगम सामाजिक दायित्व के तहत बालिका सशक्तीकरण मिशन के अंतर्गत डीएवी पब्लिक स्कूल में सोमवार को एक सप्ताह के एकेडेमिक और लाइफ स्किल आधारित कैप्सूल कोर्स का शुभारंभ किया गया। इसमें मिशन के तहत चयनित 130 बालिकाओं में 120 बालिकाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले दिन 102 बालिकाओं की उपस्थिति बनी रही।
मुख्य अतिथि परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक एके मुखर्जी ने बालिकाओं का हौसला बढ़ाया। शिक्षकों और डीएवी के प्रधानाचार्य डॉ. डीके मिश्रा से सप्ताह भर के समय-सारणी और कार्यक्रम की रुपरेखा पर विचार विमर्श किया तथा उचित दिशा निर्देश दिए। उम्मीद जताई कि सभी चिन्हित बालिकाएं इसका लाभ उठाएंगे। उप महाप्रबंधक (सीएसआर) एसपी गुप्ता ने कार्यक्रम संयोजन का दायित्व संभाले रखा। बताया गया कि मिशन के तहत चयनित 130 बालिकाओं में से दस को डीएवी पब्लिक स्कूल में स्थाई शिक्षा दिलाई जा रही है। शेष के लिए एक सप्ताह का कैप्सूल कोर्स तय किया गया है। कार्यशाला की गुणवत्ता बनी रहे, इसके लिए तीन सेक्शन बनाकर आठ शिक्षकों को शिक्षण कार्य में लगाया गया है। इस मौके पर वरिष्ठ प्रबंधक (पीएंडएस) रणदीप सिंह आदि मौजूद रहे।