सोनभद्र। बरहमोरी बालू साइट पर मशीनों का प्रयोग बंद करने समेत अन्य मांगों को लेकर दूसरे दिन रविवार को भी कोन में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं का भूख हड़ताल जारी रहा। लेकिन कोई भी प्रशासनिक अधिकारी धरने पर बैठे लोगों की सुधि लेने के लिए नहीं पहुंचा। इस बीच बालू साइट से पोकलेन मशीनों को हटाने का सिलसिला शुरू हो गया है।
प्रदेश सचिव सुरेन्द्र जायसवाल के नेतृत्व मेें सुरेंद्र, उमाशंकर यादव, बिमलेश यादव, आनंद यादव, शंभू यादव समेत अन्य कार्यकर्ता भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वक्ताओं ने कहा कि जिला प्रशासन की शह पर बरहमोरी बालू साइड पर मशीनों से बालू की लोडिंग की जा रही है। जबकि श्रमिक रोजगार के लिए इधर-उधर भटक रहे है। बालू खनन क्षेत्र के पट्टे/लीज की सीमांकन कर पत्थरगड्डी कराई जाए। सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव हो, ताकि लोगों को धूल से निजात मिल सकें। कहा कि जिला प्रशासन जायज मांगों को पूर्ण करने में हीलाहवाली कर रहा है। लेकिन जब तक मांगें पूर्ण नहीं हो जाती तब तक धरना जारी रहेगा। शाम को भूख हड़ताल पर बैठे सुरेंद्र जायसवाल के पेट मे दर्द शुरू होने से उनकी तबीयत खराब होने की सूचना मिल रही है। लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई प्रशासनिक अधिकारी धरना स्थल पर नहीं पहुंचा। उधर प्रशासनिक अधिकारियों ने भूख हड़ताल की सूचना पर खनन साइट से पोकलेन मशीनों को बाहर निकलवाना शुरू कर दिया है।