ओबरा । चोपन ब्लॉक के खैरटिया-सिंदुरिया सड़क पूरी तरह गढ्डों में तब्दील हो गई है। सड़क पर बिखरी गिट्टी और गड्ढों के कारण चलना दूभर हो गया है। आए दिन बाइक व साइकिल सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कराए जाने की मांग की है। चोपन ब्लॉक के खैरटिया गांव से लेकर सिंदुरिया बर्दियां तक करीब पांच किलोमीटर सड़क कई जगहों पर गड्ढों में तब्दील हो गई है। यह सड़क सोनभद्र को मध्यप्रदेश से जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग से जोड़ती है। इस सड़क का निर्माण करीब सात वर्ष पूर्व कराया गया था। इस मार्ग से होकर प्रतिदिन ओबरा एवं बिल्ली मारकुंडी ग्राम पंचायत से हजारों की संख्या में लोग जिला मुख्यालय एवं अन्य स्थानों के लिए आवागमन करते हैं। सड़क पूरी तरह गड्ढे में तब्दील हो जाने तथा गिट्टियों के बिखरे होने के कारण आए दिन लोग जख्मी हो रहे हैं। लोगों ने इस बावत जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए शीघ्र जर्जर सड़क का निर्माण कराए जाने की मांग की है।