अनपरा । एनटीपीसी व अन्य औद्योगिक संस्थानों में किसी भी प्रकार की आपदा और आपातकालीन स्थित से निपटने के लिए प्लांट के सुरक्षा कर्मचारियों का निपुण होना आवश्यक है। वाराणसी स्थित एनडीआरएफ ने इन प्लांटों की सुरक्षा और आपदा जोखिम में बेहतर राहत व बचाव कार्य करने और ऐसी आपातकालीन से निपटने के लिए एक साझा माकड्रिल का आयोजन किया।
सिंगरौली की विंध्यनगर एनटीपीसी में आयोजित की गई माकड्रिल में केमिकल लीकेज को रोकने और आग पर काबू पाने का प्रदर्शन किया गया । असिस्टेंट कमांडेंट 11 एनडीआरएफ स्वराज कमल के नेतृत्व में 34 सदस्यीय विशेष रासायनिक और जैविक आपदाओं में राहत बचाव में दक्ष एनडीआरएफ टीम ने माक ड्रिल में भाग लिया। अभ्यास के दौरान एनडीआरएफ टीम ने क्लोरीन गैस के रिसाव को सील किया और साथ ही मलबे में फंसे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। आग पर भी सीआईएसएफ की फायर विंग द्वारा काबू पाया गया। रासायनिक प्रभाव से ग्रसित घायलों को एनडीआरएफ ने विशेष स्टेशन बनाकर लोगों को उसके प्रभाव से मुक्त किया। इस मौक ड्रिल में प्लांट प्रबंधक, एनटीपीसी के राहत बचावकर्मी, सीआईएसएफ की फायर विंग, जिला चिकित्सा टीम, एम्बुलेंस 108, पुलिस व अन्य एजेंसियों सहित 134 लोगों ने इस माक ड्रिल में भाग लिया।