बभनी/आसनडीह। बभनी पुलिस ने रविवार की रात बिजली चोरी करने के मामले में 12 खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इन पर पांच लाख 28 हजार रुपये बकाया है। शाम को क्षेत्र में जांच करने गए विभागीय टीम के साथ कुछ उपभोक्ताओं ने कहासुनी की। इसको लेकर हंगामे जैसी स्थिति हो गई। इससे कर्मचारी बगैर कनेक्शन काटे ही लौट गए।
विद्युत बिल बकाए को लेकर विद्युत विभाग लगातार जांच और राजस्व वसूली अभियान चला रहा है। इसके तहत विभाग की टीम ने रविवार को बभनी ब्लॉक के कई गांवों में सघन जांच की। अवर अभियंता राजीव वर्मा ने बभनी, असनहर, आसनडीह, इकदीरी में जांच के दौरान पाया कि 12 ऐसे विद्युत उपभोक्ता हैं, जिनका विद्युत बिल बकाये में कनेक्शन काट दिया गया था। इसके बावजूद वे चोरी से तार जोड़कर बिजली का उपयोग कर रहे हैं। शाम को जब विद्युत विभाग की टीम ने दोबारा इनका कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की तो उपभोक्ताओं ने टीम के सदस्यों के साथ विवाद कर लिया। जेई राजीव वर्मा ने रामचंद्र, ताराचंद, रामचंद्र, अशोक दुबे, शमीम अहमद, रामकेश, तबीब अहमद, रामधनी, परवेज आलम, पार्वती देवी, मेसर्स हमारा पंप और हीरालाल के खिलाफ रविवार की शाम बिजली चोरी की तहरीर बभनी थाने में दी थी। सोमवार को पुलिस ने इन 12 उपभोक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।