जिले की 241 ग्राम पंचायतों में शौचालयों के निर्माण के लिए पंचायत राज विभाग ने 16 करोड़ रुपये जारी किया है। अब जिले की सभी 637 ग्राम पंचायतों में शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। 31 मार्च 2018 तक जिले को खुले में शौचमुक्त (ओडीएफ) घोषित करने के लिए विभाग ने शौचालयों के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्णय लिया है। जिला पंचायत राज अधिकारी आरके भारती ने कहा है कि निर्माण में लापरवाही बरतने वाले सचिवों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
भारत सरकार स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम के तहत स्वच्छता अभियान चला रही है। इसके तहत गांवों से लेकर शहरी इलाकों तक में सफाई अभियान जोरों पर चल रहा है। विभिन्न स्वयं सेवी संगठनों के साथ ही तमाम लोग सफाई को लेकर अभियान तक चला चुके हैं। पंचायत राज विभाग भी स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम ग्रामीण के तहत गांवों को खुले में शौचमुक्त करने के प्रयास में लगा हुआ है। डीपीआरओ आरके भारती ने बताया कि अब तक जिले की चार दर्जन से अधिक ग्राम पंचायतों को ओडीएफ घोषित किया जा चुका है। मंगलवार को जिले की 241 ग्राम पंचायतोों में शौचालयों के निर्माण के लिए 16 करोड़ रुपये जारी किया गया है। अब सभी ओडीएफ घोषित गांवों को छोड़कर अन्य सभी ग्राम पंचायतों में एक साथ शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है।