कोल प्रोजेक्ट में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 3.10 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। साइबर ठग ने ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर कराने के बाद मोबाइल बंद कर लिया। पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के जरिए रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने संबंधित बैंक से समन्वय कर धनराशि होल्ड करा दी। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद शुक्रवार को पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के मुड़िलाडीह निवासी अनुराग मिश्रा से एक व्यक्ति ने मुलाकात कर कोलफील्ड्स में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद आरटीजीएस के माध्यम से उनसे 3.10 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। रुपये लेने के बाद न तो नौकरी दिलाई गई और न ही धनराशि वापस की गई। पीड़ित ने संबंधित व्यक्ति से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल नंबर बंद मिला।
निरीक्षक अपराध दिन्नू प्रसाद यादव ने बताया कि प्रकरण की जानकारी मिलते ही रॉबर्ट्सगंज की साइबर टीम सक्रिय हो गई। टीम ने तत्काल संबंधित बैंक और अन्य माध्यमों से समन्वय स्थापित कर पूरी धनराशि होल्ड करा दी। इसके बाद न्यायालय से धनराशि वापस कराने की अनुमति ली गई। संबंधित बैंक से संपर्क कर शुक्रवार को पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार का साइबर अपराध होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या संबंधित पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। संवाद