बभनी। पुलिस ने स्थानीय तिराहे के पास रविवार की भोर में मवेशियों से भरे ट्रक को पकड़ लिया। मवेशियों को छत्तीसगढ़ के प्रतापपुर से वाराणसी ले जाया जा रहा था। पुलिस टीम ने चार पशु तस्करों को पकड़ लिया। ट्रक पर लदे 31 भैंसों को मुक्त कराते हुए उन्हें ग्रामीणों को सौंप दिया गया जबकि ट्रक को सीज कर दिया गया।
छत्तीसगढ़ प्रांत के प्रतापपुर से मवेशियों को ले जाया जा रहा था। इसकी सूचना मुखबिर से मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक अविनाश चंद्र सिंहा, एसआई राजेंद्र प्रसाद यादव ने बभनी तिराहे के वाहनों को रोक कर जांच शुरू कर दी। भोर करीब पौने पांच बजे छत्तीसगढ़ की तरफ से आ रहे ट्रक को पुलिस ने रोकने का इशारा किया। चालक ने चेकिंग स्थल से पहले ट्रक को खड़ा कर तीन अन्य साथियों के साथ भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। तस्करों की निशानदेही पर तिरपाल से ट्रक के डाला में ढक कर ले जाए जा रहे 31 भैसों को उतारा गया। प्रभारी निरीक्षक अविनाश चंद्र सिन्हा ने बताया कि गिरफ्तार मुरादाबाद निवासी चालक नौशाद, मुहम्मद रजा, झारखंड के गढ़वा निवासी नसीरुद्दीन और आफताब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि पड़ोसी छत्तीसगढ़ से लंबे समय से पशुओं की तस्करी हो रही है। इस धंधे में बभनी थाना क्षेत्र के कई लोग शामिल हैं।