सोनभद्र। स्कूली वाहनों को लेकर आए दिन जारी हो रहे निर्देशों के बावजूद प्रबंधन बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं हैं। अभी भी जिले में 28 ऐसे वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिनके फिटनेस की वैधता खत्म हो चुकी है। एआरटीओ ने ऐसे वाहनों को दस अगस्त तक फिटनेस कराने का अंतिम मौका दिया है। इसके बाद इनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जिले में विभिन्न स्कूलों के 346 वाहन परिवहन विभाग में पंजीकृत हैं। इनमें से 298 ने ही फिटनेस प्रक्रिया पूरी कराई है। पिछले दिनों पश्चिम यूपी में हुए हादसे के बाद शासन ने सख्ती दिखाई तो कई अन्य वाहनों का भी फिटनेस परीक्षण कराया गया। लेकिन अभी भी 28 वाहन ऐसे हैं, जिनकी फिटनेस जांच में रुचि नहीं ली जा रही है। फिटनेस की वैधता खत्म होने के बाद भी उसी तरह वाहनों का संचालन हो रहा है। इस संबंध में एआरटीओ प्रशासन धनवीर यादव ने बताया कि स्कूली वाहनों को नोटिस जारी किया गया था। 20 स्कूल वाहनों ने जांच कराते हुए फिटनेस प्रपत्र पूरा करा लिया है। अन्य वाहनों को 10 अगस्त का मौका दिया गया है। अगर इस अवधि में वह फिटनेस के मानक पूरे नहीं करते तो संबंधित स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।