राबर्ट्सगंज स्थित जनपद न्यायालय एवं उसके अधीनस्थ न्यायालय तीसरी आंख की नजर में होगा। न्यायालय की सुरक्षा के लिए 27 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही यह सख्ती भी होगी कि न्यायालय में कोई भी व्यक्ति असलहा लेकर नहीं चल सकेगा और काले शीशे वाली गाड़ी भी न्यायालय परिसर में नहीं लाई जा सकती। अगर कोई ऐसी जुर्रत करने की कोशिश करेगा तो यह सभी वाकया सीसीटीवी कैमरे में कैद हो जाएगा।
बता दें कि इलाहाबाद हाईकोर्ट प्रशासन ने न्यायालयों की सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टिकोण से न्यायालय परिसर में असलहा ले जाने व काले शीशा के वाहनों को ले जाने पर रोक लगाया है। बावजूद इसके आए दिन न्यायालय परिसर में लोग असलहा लेकर और काले शीशे वाली गाडिय़ां दिखती हैं।
बार एसोसिएशन की ओर से न्यायालय की सुरक्षा के लिए हाईकोर्ट प्रशासन से लेकर उच्चाधिकारियों तक लिखा-पढ़ी की गई। सोनभद्र बार एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष ओम प्रकाश राय और डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुधाकर मिश्र की ओर से भेजे गए पत्रक की प्रतिलिपि डीजे, डीएम और एसपी को भी उपलब्ध कराया गया था।
जिला जज कुलदीप कुमार द्वितीय ने इसे गंभीरता से लिया और न्यायालय परिसर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने का आश्वासन दिया था। जिसका नतीजा रहा कि न्यायालय परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगाया जा रहा। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी प्रमोद शुक्ला ने बताया कि न्यायालय की सुरक्षा के मद्देनजर दिसंबर माह में ही 27 जगहों पर सीसीटीवी कैमरा लगाए जा चुके हैं। कहा कि उम्मीद है कि जनवरी माह के प्रथम सप्ताह से ही न्यायालयों का समूचा कामकाज सीसीटीवी कैमरे की नजर में होगा।