सोनभद्र। चोपन ब्लॉक के कोटा में बनकर तैयार अटल आवासीय विद्यालय में पठन पाठन शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। विद्यालय में दाखिले के लिए 14 जून को मिर्जापुर मंडल में तीन केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा में कुल 259 छात्र-छात्राएं बैठेंगे। परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं का दाखिला कक्षा छह में लिया जाएगा।
जवाहर नवोदय विद्यालय के तर्ज पर मंडल स्तर पर अटल आवासीय विद्यालय का संचालन किया जाना है। अटल आवासीय विद्यालय में श्रमिकों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जाएगी। कोटा में बन रहे विद्यालय में एक हजार श्रमिकों के बच्चों के रहने-खाने और पढ़ने की व्यवस्था है। पहले कक्षा छह में 80 सीटों पर पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों का प्रवेश लिया जाएगा। श्रम विभाग के अधिकारियों की मानें तो मंडल स्तर पर प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 547 आवेदन प्राप्त हुए थे। इसमें 288 आवेदन विभाग की तरफ से कैंसिल कर दिए गए हैं। इसमें अधिकांश बच्चे अपात्र थे। अब प्रवेश परीक्षा में सिर्फ 259 बच्चे ही बैंठेंगे। इसमें 142 छात्र और 117 छात्राएं शामिल हैं। प्रवेश परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों का चयन भी कर लिया गया है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राबर्ट्सगंज परीक्षा केंद्र में 186, मिर्जापुर के महुअरिया स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 33 और ज्ञानपुर स्थित विभुति नारायण इंटर कॉलेज में 40 बच्चे प्रवेश परीक्षा देंगे। प्रवेश परीक्षा 14 जून को सुबह 11 बजे से होगी। परीक्षा केंद्रों पर रिपोर्टिँग टाइम 10.30 बजे तक है।
अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए 14 जून को परीक्षा आयोजित की गई है। प्रवेश परीक्षा के लिए मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही में एक-एक केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर 259 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। - पंकज राणा, उप श्रमायुक्त पिपरी।