सोनभद्र। सामूहिक विवाह योजना के तहत 21 अक्तूबर को नवीन मंडी परिसर में होने वाले कार्यक्रम के लिए अब तक 257 जोड़ों का पंजीयन हो गया है। जिला प्रशासन सभी जोड़ों के सकुशल विवाह संपन्न कराने के लिए तैयारियों में जोर-शोर से जुटा है। हालांकि अभी तक शासन स्तर से 225 बेटियों की शादी के लिए एक करोड़ 14 लाख 75 हजार रुपये जारी किए हुए हैं। शेष बेटियों की शादी के लिए जल्द ही बजट आने की संभावनाएं है। जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव ने बताया कि सामूहिक विवाह योजना के तहत राबर्ट्सगंज ब्लॉक क्षेत्र की 18, करमा की दस, घोरावल की 15, नगवां की 33, चतरा की 33, चोपन की 40, कोन की 20, दुद्धी की 35, म्योरपुर की 33 और बभनी ब्लॉक की 20 बेेटियों ने आवेदन किया है। राबर्ट्सगंज स्थित नवीन मंडी परिसर में सामूहिक विवाह के लिए तैयारी शुरू है। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने कहा कि सामूहिक विवाह के लिए सहायक आयुक्त, सहायक निबंधक सहकारिता, डीपीआरओ, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी, डीपीओ, जिला युवा कल्याण अधिकारी, ईओ नगर पालिका और जिला अभिहित अधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है। सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा की देखरेख में विवाह की तैयारियां जारी है।