सोनभद्र। जिले के 2458 परिषदीय प्राथमिक/उच्च प्राथमिक विद्यालयों की वार्षिक परीक्षा की तिथि मुकर्रर हो गई है। परीक्षा में 254060 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की घोषणा होने के बाद शिक्षा विभाग तैयारी में जुट गया है। लेकिन नक्सल-दुरूह क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की कमी होने से बच्चों का कोर्स पूर्ण नहीं हुआ है।
बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज की सचिव रूबी सिंह ने बीएसए को बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित समस्त परिषदीय प्राथमिक/उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 16 मार्च से 26 मार्च के मध्य वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन करने का निर्देश दिया है। उन्होंने परीक्षा की गहन तैयारी कराने के लिए अभियान चलाकर प्रत्येक कक्षा के प्रत्येक विषय की पाठ्य पुस्तक के प्रत्येक पाठ/अध्याय का छात्राओं से पुनरावृत्ति अभ्यास कराने के लिए निर्देशित किया है। ताकि छात्रों की शैक्षिक गुणवत्ता में वृद्धि हो। इस संबंध में बेसिक शिक्षाधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने कहा कि परीक्षा में 254060 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें 1801 प्राथमिक विद्यालय के 176540 बच्चें और 654 उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 77520 छात्र-छात्राएं शामिल है। कहा कि वार्षिक परीक्षाएं सुचितापूर्वक संपन्न कराने के लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है। कहा कि जो संसाधन उपलब्ध है उनसे बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने का भरकस प्रयास किया जा रहा है।