जिले में मतदाता सूची का पुनरीक्षण का कार्य शुरू होते ही 25 हजार लोगों के शहर और गांवों की वोटर लिस्ट में शामिल होने का खुलासा हुआ है। डीएम सीबी सिंह ने तीनों तहसील के एसडीएम को दो वोटर लिस्ट में जिनका नाम है, उनका एक सूची से नाम कटवाने का निर्देश दिया है। इसकी रिपोर्ट 11 जुलाई तक एसडीएम को डीएम को देनी है।
जिले में वर्ष 2017 में होने वाले विधान सभा चुनाव को निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने की तैयारी में अभी से जिला प्रशासन जुट गया है। जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2011 जनगणना के अनुसार घोरावल विधान सभा क्षेत्र में 368276 मतदाता है, इसमें 198364 पुरुष, 169901 महिला और 11 अन्य मतदाता है। राबर्ट्सगंज में 333584 वोटर है, इसमें पुरुष 182067, महिला 151513 और अन्य चार मतदाता है।
ओबरा में 305443 मतदाता है, यहां 18368 पुरुष, 137602 महिला एवं दस 10 अन्य वोटर है। इसी तरह से दुद्धी विधान सभा क्षेत्र में 305443 वोटर है, इनमें पुरुष मतदाता 165795, महिला 139641 और अन्य 32 है। इनमें हजारों वोटर ऐसे हैं, जिनका शहर और गांव दोनों जगह की वोटरलिस्ट में नाम शामिल है। जबकि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 17 एवं 18 में प्राविधान है कि कोई व्यक्ति एक से अधिक बार निर्वाचक नामावली में नाम रजिष्ट्रीकृत किए जाने का हकदार नहीं होगा, अगर कोई व्यक्ति मिथ्या घोषणाएं करता है तो धारा 31 के अंतर्गत वह कारावास एवं जुर्माने से दंडनीय होगा।
डीएम सीबी सिंह ने कहा कि तीनों तहसील के एसडीएम को दस जुलाई तक बीएलओ के माध्यम से मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य पूर्ण कराते हुए जिनका दो जगहों की मतदाता सूची में नाम है, उनका एक वोटरलिस्ट से नाम कटवाने का निर्देश दे दिया गया है। इसके बावजूद शिकायत मिली तो बीएलओ पर कार्रवाई की जाएगी।