समझौता पत्र पर हस्ताक्षर करने वाले एनसीएल व एचएलएल के अधिकारी।
- फोटो : SONBHADRA
शक्तिनगर। एनसीएल ने सिंगरौली और सोनभद्र जिलों के 25 सरकारी स्कूलों में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन लगवाने का निर्णय लिया है। इसके लिए एनसीएल ने बृहस्पतिवार को हिंदुस्तान लाइफकेयर लिमिटेड (एचएलएल) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर महाप्रबंधक (सीएसआर) आत्मेश्वर पाठक और एचएलएल की ओर से सुरेश बाबू पीएम ने हस्ताक्षर किए। हिंदुस्तान लाइफकेयर लिमिटेड स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाली भारत सरकार की एक सार्वजनिक उपक्रम कंपनी है । इस योजना के तहत सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनों के जरिए छात्राओं को आगामी तीन वर्षों तक नि:शुल्क सैनिटरी पैड उपलब्ध कराए जाएंगे । इस्तेमाल के बाद सैनिटेरी पैड के समुचित एवं सुरक्षित निस्तारण के लिए विद्यालयों में इन्सिंनेरेटर भी लगाया जाएगा 7 इस योजना से 5000 से अधिक छात्राएं लाभान्वित होंगी।
इस योजना के अंतर्गत स्कूलों में छात्राओं को स्वच्छता टॉक के माध्यम से स्वच्छता व स्वस्थ्य संबंधी सलाह व सही जानकारी भी दी जाएगी। कार्यक्रम में कोविड-19 की रोकथाम व इससे बचने के लिए विद्यालयों में सैनिटाइजर वेंडिंग मशीन व सैनिटाइजेशन बॉक्स लगवाने के क्रियान्वयन के लिए भी एमओयू किया । सैनिटाइजर वेंडिंग मशीन में एक साल के सैनिटाइजर की व्यवस्था का भी प्रावधान है।