अनपरा। नगर के 24 परिषदीय विद्यालयों में बने स्मार्ट क्लास के संचालन के लिए शिक्षकों के एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन डिबुलगंज स्थित कंपोजिट विद्यालय में हुआ। नगर पंचायत की ईओ ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अनपरा नगर पंचायत को आकांक्षी नगर में चयनित किया गया है। योजना के तहत सबसे पहले नगर के परिषदीय विद्यालयों को स्मार्ट करने का काम शुरू किया गया है। नगर के 24 विद्यालयों में 60 लाख की लागत से स्मार्ट टीवी और 17 लाख की लागत से बच्चों के बैठने के लिए फर्नीचर स्थापित किए गए हैं। सभी विद्यालयों में इसके लिए अलग कमरे बनाए गए हैं। सोमवार को नगर के वार्ड नंबर दो के कंपोजिट विद्यालय डिबुलगंज में स्मार्ट टीवी के संचालन के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ। इसमें नगर के सभी परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षक मनोज सिंह ने शिक्षकों को स्मार्ट क्लास संचालन की तकनीकी जानकारी दी। नगर पंचायत की ईओ अर्पणा मिश्रा ने कहा कि आकांक्षी नगर योजना प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके ज़रिये शहरी विकास को बेहतर बनाने का मकसद है। योजना से मूलभूत शहरी विकास‚ शिक्षा‚ स्वास्थ्य‚ सामाजिक संरचना के क्षेत्रों में परियोजना के क्रियान्वयन‚ आर्थिक अवसरों के सृजन से जनसामान्य-प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे। इस अवसर पर वार्ड नंबर दो और आठ के सभासद प्रतिनिधि ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास बनने से बच्चे अब निजी स्कूलों के बराबर शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। इस अवसर पर कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रमा राम, सीएम फेलो डॉ. धीरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।