जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए परीक्षा शनिवार को सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हो गई। जिले भर में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। कुल 3049 बच्चों में से 239 बच्चों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा में उत्तीर्ण बच्चों का कक्षा छह में प्रवेश होगा।
सीबीएसई बोर्ड से संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए शनिवार को नकलविहीन परीक्षा पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई थी। इसके लिए सदर ब्लाक में राजकीय बालिका इंटर कालेज राबर्ट्सगंज, राजा शारदा महेश इंटर कालेज राबर्ट्सगंज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। जबकि नगवां और चतरा ब्लाक के लिए शहजादा साहब उदय प्रताप इंटर कालेज रामगढ़, घोरावल में भारती इंटर कालेज, चोपन में रेल कर्मचारी इंटर कालेज, म्योरपुर ब्लाक के लिए राजकीय इंटर कालेज पिपरी और दुद्धी तथा बभनी ब्लाक के लिए राजकीय इंटर कालेज दुद्धी को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा सुबह साढे़ 11 बजे से दोपहर बाद डेढ़ बजे तक चली।
इस दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए थे।
जवाहर नवोदय विद्यालय बहुआर के प्रवेश परीक्षा प्रभारी सुनील कुमार कुलश्रेष्ठ ने बताया कि राजकीय बालिका इंटर कालेज राबर्ट्सगंज में 293 में से 27, राजा शारदा महेश इंटर कालेज मेें 400 परीक्षार्थियों में से 13, शहजादा साहब उदय प्रताप इंटर कालेज में 385 में से 32, भारतीय इंटर कालेज घोरावल में 393 में से 23, रेल कर्मचारी इंटर कालेज चोपन में 501 में से 33, राजकीय इंटर कालेज पिपरी में 609 में से 65 और राजकीय इंटर कालेज दुद्धी में 310 परीक्षार्थियों में से 19 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह कुल 239 बच्चों ने प्रवेश परीक्षा छोड़ दी। बोर्ड के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद जल्द ही प्रवेश की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।