सोनभद्र। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 2308 परीक्षकों की तैनाती की गई है। इनके अलावा 71 केंद्र व्यवस्थापक और उतने ही अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है। केंद्रों पर छात्रों के आवंटन के सापेक्ष उत्तर पुस्तिकाएं पहुंच गई हैं। परीक्षा के दौरान जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्ट्रेटिक मजिस्ट्रेट भ्रमणशील रहेंगे।
जिले के 71 केंद्रों पर 18 फरवरी से परीक्षा दो पालियों में शुरू होगी। परीक्षा की तिथि नजदीक आते देख शिक्षा विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। परीक्षा में हाईस्कूल के 28318 परीक्षार्थी और इंटर के 17696 छात्र-छात्राएं शामिल होंगी। जिले के राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के करीब 2308 शिक्षकों की ड़्यूटी परीक्षक रूप में लगाई गई है। रविवार को प्रधानाचार्यों ने परीक्षा में जिन शिक्षकों की ड़्यूटी गलाई गई है, उनको कार्यमुक्त कर दिया।
जिला विद्यालय निरीक्षक फूलचंद्र यादव ने बताया कि सभी केंद्रों पर छात्रों की संख्या के अनुसार कापियां पहुंच गई हैं। राजा शारदा महेश इंटर कॉलज को मुख्य संकलन केंद्र और उप संकलन केंद्र पिपरी और दुद्घी में बनाया गया है।
कहा कि अधिकांश केंद्रों पर डेस्क स्लिप चस्पा करने की कार्रवाई पूर्ण कर ली गई है, जिन केंद्रों पर नहीं हुई वहां पर सोमवार की दोपहर 12 बजे तक पूर्ण कर लिया जाएगा। कहा कि परीक्षा में लगे सभी शिक्षकों को परीक्षा शुरू होने से घंटे भर पूर्व केंद्रों पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। केंद्र व्यवस्थापकों को विलंब से पहुंचने या अनुपस्थित रहने वाले परीक्षकों की रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। ताकि ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकें।