सोनभद्र। जिले में कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान 23 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में अब तक पॉजिटिव मिले लोगों की संख्या 4662 हो गई है। इसके अलावा पूर्व में संक्रमित मिले लोगों में से 31 मरीज इलाज के बाद बृहस्पतिवार को स्वस्थ घोषित किए गए। इसके साथ ही स्वस्थ होने वालों की संख्या 4366 हो गई है। बृहस्पतिवार को 23 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर जिले में एक्टिव मामले 229 हो गए हैं। इसकी पुुष्टि सीएमओ डा.एसके उपाध्याय ने की है।
उधर, चिकित्सकों की टीमें बृहस्पतिवार को भी संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेने में जुटी रहीं। बृहस्पतिवार को 1831 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए गए। इसके अलावा बृहस्पतिवार को 1786 लोगों की रिपोर्ट भी आई। जिसमें 23 पाजिटिव और 1763 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिली। सीएमओ के मुताबिक अब तक 208276 लोगों के सैंपल जांच के बाबत लिए जा चुके हैं। इनमें से 206726 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 4662 पाजिटिव और 202064 निगेटिव मिले हैं। संक्रमित मरीजों में से 67 की मौत हो चुकी है। जिसमें से 23 की मौत सोनभद्र और 44 की दूसरे जिलों में इलाज के दौरान हुई है। बृहस्पतिवार को संक्रमित मिले लोगों के आवासों के आसपास बैरिकेडिंग करने व सैनिटाइजेशन के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।