आयुष मिशन योजना जिले के 22 आयुर्वेदिक, यूनानी अस्पतालों का कायाकल्प होगा। इन अस्पतालों में भी अब मरीज भी भर्ती किए जाएंगे। आयुर्वेद की आधुनिक पद्धति से इनमें इलाज किया जाएगा। इसके लिए डॉक्टरों और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षित भी किया जाएगा।
जिले में 21 आयुर्वेदिक और एक यूनानी अस्पताल ओबरा, डाला और रामगढ़ कस्बे में प्राइवेट भवन में संचालित हो रहा है। राबर्ट्सगंज में स्थित क्षेत्रीय आयुर्वेदिक/यूनानी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 22 आयुर्वेदिक, यूनानी अस्पतालों के सापेक्ष महज 12 डॉक्टर, 20 फार्मासिस्ट एवं 33 चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी तैनात हैं। रामगढ़, नधिरा, मडला और शाहगंज अस्पताल में उपचार का समुचित व्यवस्था न होने के कारण रोगी भर्ती नहीं होते थे। नवागत क्षेत्रीय आयुर्वेदिक/यूनानी अधिकारी डॉक्टर एसएन सिंह ने कहा कि आयुष मिशन योजना के तहत सभी आयुर्वेदिक एवं यूनानी अस्पताल में रोगियों का बेहतर उपचार किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही केंद्र और प्रदेश सरकार से उच्च क्वालिटी की दवा जिले में आने की संभावना है।
कहा कि डॉक्टर समेत अन्य कर्मचारियों को रोगियों को बेहतर उपचार करने का टिप्स भी दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर गंभीर रोगियों को भर्ती भी किया जएगा। कहा कि रात में अस्पतालों से गायब रहने वाले डॉक्टर और कर्मचारियों को चिह्नित कर उनके विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी।