सोनभद्र। लोक सभा चुनाव के लिए 19 मई को होने वाले मतदान के दौरान वल्नरेबूल और क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर डिजिटल फोटोग्राफी के लिए ब्लाक परिसर राबर्ट्सगंज में रविवार को मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कैमरा मैन मतदान के प्रारंभ से पूर्व छद्म मतदान/दिखावटी मतदान (मॉक पोल), ईवीएम, वीवीपैट की सीलिंग, वोटिंग कंपार्टमेंट की स्थिति, मतदान के लिए आए ऐसे मतदाता जिनके पास इपिक (निर्वाचन पहचान पत्र) या ईसीआई द्वारा अनुमोदित पहचान पत्र न हो, उनकी फोटोग्राफी करेंगे।
कहा कि कैमरामैन अधिकारियों, प्रेक्षकों और अन्य निर्वाचन पदाधिकारियों के दौरा की भी फोटोग्राफी करेंगे। मतदाता के वोट की गोपनियता का उल्लंघन न हो, इसलिए किसी भी मतदाता का मतदान करते समय की फोटोग्राफी न की जाए। यह भी ध्यान रखना होगा कि किसी भी पत्रकार या अन्य संदिग्ध व्यक्ति द्वारा मतदान केंद्र के अंदर की तस्वीरें न खींची जाए। मतदान केन्द्र के सौ मीटर के भीतर मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए किसी भी प्रकार का साड़ी, धोती, कंबल, धन इत्यादि का वितरण, मतदाताओं को डरा-धमकाकर मतदान कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है तो उसकी ोटोग्राफी की करें। मतदान समय की समाप्ति के पश्यचात बाहर इंतजार कर रहे निर्वाचक और पंक्ति के अंतिम मतदाता की फोटो ली जाएगी। मतदान पूर्ण रूप से समाप्त होेेने के पश्चात ईवीएम और वीवी पैट के सीलिंग का फोटोग्राफ लिया जाएगा। प्रभारी जिला सूचना अधिकारी अवधेश कुमार शर्मा, डीसी एनआरएलम करुणापति मिश्र, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर दिव्यतोष मिश्रा आदि मौजूद रहे।