सोनभद्र। चोपन ब्लॉक के कोन समेत आसपास के क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से बीएसएनएल का नेटवर्क फेल है। गांव क्षेत्र में जब से निजी मोबाइल कंपनियों ने मासिक प्लान जारी किया है, तब से लोगों का बीएसएनएल सेवा की तरफ रुझान बढ़ा है। लेकिन अधिकारियों की मिली भगत से क्षेत्र के कोन, कचनरवा, बागेसोती, बरवाडीह में लगे टावर की नेट वर्किंग क्षमता तो कम कर दी गयी है। यही नही अक्सर यहां का टावर भी बंद कर दिया जाता है, जिससे क्षेत्र के लोग सरकार के सस्ती दर की योजनाओं का लाभ नही ले पा रहे हैं। उपभोक्ता हेमंत, सुबोध, रमाकांत, रजनी, आनंद का आरोप है कि बीएसएनएल कंपनी के अधिकारी निजी कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए अक्सर क्षेत्र का नेटवर्क बंद कर देते हैं। शिकायत करने के वावजूद कोई सुधार नही हो रहा है, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि कही-कही सिर्फ यही नेटवर्क कार्य करता है। क्षेत्र के चौकी, थाना का भी सरकारी नंबर बीएसएनएल का भी है। इससे सूचनाओं के आदान-प्रदान में भी कठिनाई होती है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए क्षेत्र के सभी टावर चालू कराने की मांग की है।