सोनभद्र। ठंड के मद्देनजर लेखपाल अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर ठंड से बीमार लोगों को चिह्नित कर उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाएंगे। साथ ही रिपोर्ट एसडीएम को भी देंगे। यह जानकारी डीएम अमित कुमार सिंह ने दी।
पिछले 72 घंटे से सोनांचल में लगातार पारा गिर रहा है। मंगलवार को भी जिले का पारा करीब पांच डिग्री रहा। वहीं हवाओं ने गलन बढ़ा कर रख दी थी। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों को ठंड से बचाने की तैयारी तेज कर दी है। राबर्ट्सगंज, दुद्धी और घोरावल तहसील क्षेत्र के लेखपालों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर ठंड की चपेट में आने से बीमार लोगों की सूची तैयार कर उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल में भिजवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, क्योंकि नक्सल, दुरूह और पहाड़ी क्षेत्रों में निवास करने वाले अधिकांश लोग अशिक्षित है। इन लोगों के पास न तो मोबाइल है और न ही एंबुलेंस बुलाने के लिए किस नंबर पर कॉल कराएं आदि की जानकारी है। ऐसे लोगों की मदद के लिए लेखपालों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें ग्राम प्रधानों समेत अन्य लोगों से भी संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि ठंड से किसी की तबीयत खराब हो तो उसके बारे में पता चल सकें और उसे अस्पताल भेजा जा सके। सदर एसडीएम शादाब असलम ने कहा कि सभी लेखपालों को क्षेत्र में भ्रमणशील रह कर ठंड से बीमार लोगों को अस्पताल भिजवाने के लिए निर्देशित कर दिया गया है।