ओबरा। परियोजना कालोनी के रिहायशी इलाके से प्रतिदिन बालू और गिट्टी लदे ओवरलोड वाहनों के परिवहन से स्थानीय लोग परेशान हैं। सारे ट्रक निर्माणाधीन ओबरा सी परियोजना में बालू गिट्टी पहुंचाते हैं। दिन में नगर के अंदर बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित है फिर भी लगातार परिवहन किया जा रहा है।
शारदा मंदिर से डिग्री कालेज रोड और वीआईपी चौराहे होते हुए ओवरलोड वाहन ओबरा सी पहुंचते हैं। परियोजना कालोनी से होकर गुजरने वाले इन भारी वाहनों से जहां परियोजना कालोनी की सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं वहीं लगातार दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई बार चेकिंग के दौरान इन बालू और गिट्टी की गाड़ियों से फर्जी परमिट भी पकड़े गए हैं फिर भी कालोनी से होते हुए इनके गलत परिवहन पर रोक नहीं लग पा रही है। बता दें कि इन वाहनों के आवागमन के लिए रात्रि में समय निर्धारित है। दिन में दुर्घटना की आशंका के मद्देनजर पूरी तरह से रोक है वावजूद इसके दिनदहाड़े अनियंत्रित ओवरलोड भारी वाहनों का परिवहन चिंता का विषय है। इस सड़क पर बड़े वाहनों के परिवहन को रोकने के लिए पीजी कालेज के समीप बैरियर बनाया गया है परंतु भारी वाहनों के परिवहन कराने के लिए उसे साजिशन तोड़ दिया गया। इस सड़क पर रिहायशी कालोनी, पीजी कालेज एवं विद्यालय के साथ ही परियोजना कालोनी का एक बड़ा हिस्सा पड़ता है। कालोनी वासियों ने इन वाहनों पर रोक लगाए जाने की मांग की है।