सोनभद्र। कोतवाली पुलिस ने रविवार की रात महिला समेत पांच के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर पीड़िता प्रेमा देवी की तहरीर पर हुई। आरोपियों पर फर्जी ढंग से दूसरे की भूमि वादिनी को बेचने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक आठ जून 2015 को राबर्ट्सगंज कोतवाली के लोढ़ी गांव निवासी प्रेमा देवी पत्नी राजकुमार ने राबर्ट्सगंज के दीपनगर निवासी रेहाना बेगम पत्नी गुलाम से पांच लाख में भूमि बैनामा कराई। प्रेमा का आरोप है कि रेहाना ने बढ़ौली गांव की जिस भूमि को खुद का बताकर उसके नाम से बैनामा की है। वह खतौनी में दूसरे लोगों के नाम से दर्ज है। इसका खुलासा 14 मार्च 2018 को जब वह तहसील में अपनी खतौनी निकलवाने के लिए गई तब हुआ। सच्चाई का पता चलने पर प्रेमा ने रेहाना और जिन लोगों ने उसे जमीन क्रय करने के लिए कहां था उनसे रुपये वापस दिलाने के लिए कई बार कहीं। लेकिन अभी तक उसका रुपया वापस नहीं हुआ। पीड़िता का आरोप है कि रुपये मांगने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस संबंध में सिटी सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर राबर्ट्सगंज निवासी रेहाना बेगम, लालधारी, प्रभावती, सीताराम, बसंती और महेश सोनी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। कहा कि विवेचना के दौरान वादिनी का आरोप सत्य पाया गया तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।