सोनभद्र। कोतवाली में मंगलवार को पुलिस के समक्ष एक छात्रा प्रेेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई। पुलिस ने छात्रा से प्रेमी के आने के बाद उसके साथ उसे भेजने का आश्वासन दिया। छात्रा ने कई बार फोन कर प्रेमी को कोतवाली बुलाया, लेकिन वह नहीं पहुंचा। इसके बाद छात्रा अपनी मां के साथ चली गई।
क्षेत्र की रहने वाली कक्षा दसवीं की छात्रा का नगर के ही एक गैर बिरादरी के लड़के से प्रेम संबंध हो गया है। इसकी जानकारी लड़की के घरवालों को हुई तो वे लोग उसे समझाने का प्रयास किए, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुई। कुछ दिनों पूर्व छात्रा अपने प्रेमी के साथ लापता हो गई। इसकी जानकारी छात्रा के घरवालों ने पुलिस को दी। पुलिस ने खोजबीन शुरू की तो एक दिन बाद छात्रा खुद वापस घर आ गई। मंगलवार को छात्रा को लेकर उसकी मां कोतवाली पहुंची। यहां पुलिस ने उसको समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी रही। पुलिस ने बताया कि छात्रा को कहा गया कि प्रेमी को बुलाओ वह तुमको रखना चाहता है या नहीं उससे पूछा जाए। लेकिन उसका प्रेमी नहीं आया। इसके बाद छात्रा अपनी मां के साथ घर चली गई। आरोपी प्रेमी की खोजबीन की जा रही है।