सोनभद्र/अनपरा। जिले में सोमवार की सुबह झमाझम बारिश के बीच स्कूलों का संचालन शुरू हुआ। बरसात के कारण स्कूलों में बच्चों की संख्या बहुत ही कम रही। कहीं नारियल फोड़ कर तो कहीं सरस्वती वंदना करने के साथ शिक्षा का शुभारंभ हुआ।
बोर्ड परीक्षा के बाद सभी माध्यमिक विद्यालय तो वहीं बीस मई के बाद परिषदीय स्कूलों पर भी ताला लटक जाता है। इससे पहले कुछ अंग्रेजी स्कूल ही चलते रहते हैं। लंबे अवकाश के चलते छात्र-छात्राओं ने खूब मस्ती की। अब फिर से उनके कापी-किताब में सिर खपाने का समय आ गया। सोमवार को पहले दिन स्कूल जाने के लिए ज्यादातर बच्चों में उत्साह देखा गया। हालांकि सुबह आठ बजे से संचालित होने वाले परिषदीय विद्यालयों के समय ही झमाझम बारिश से छात्रों को काफी परेशानी भी झेलनी पड़ी। बरसात की वजह से परिषदीय विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति भी काफी कम रही। परिषदीय विद्यालय खुलने के साथ बेसिक शिक्षा विभाग भी सजग हो गया है। बच्चों में किताब वितरित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। कई विद्यालयों पर उग आए घास फूस को सफाईकर्मी साफ करते नजर आए। विभाग का निर्देश है कि किसी भी विद्यालय में गंदगी मिली तो उस पर कार्रवाई होगी। इस संबंध में बीएसए गोरखनाथ पटेल ने बताया कि किताबें बांटी जा रही हैं।
स्कूलों में नहीं हुई साफ सफाई
घोरावल। स्थानीय ब्लाक के परिषदीय विद्यालयों के परिसरों में गंदगी का अंबार सोमवार को लगा रहा। कई विद्यालयों पर सफाई कर्मी भी नहीं पहुंचे। मजबूरी में अध्यापक, रसोइयों को साथ लेकर स्वयं परिसर को साफ करने में लग गए। ब्लाक के ओड़हथा इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल का परिसर भी गंदगी से पटा रहा लेकिन सफाईकर्मी नदारद रहे। सोमवार को इंतजार के बाद जब सफाई कर्मी नहीं पहुंचे तो शिक्षकों ने परिसर की सफाई की। यही हाल कमोवेश सभी विद्यालयों की रही।
यूनिफार्म व बैग का हुआ वितरण
खलियारी। नगवां ब्लाक के उच्च प्राथमिक विद्यालय सेमरिया में सोमवार को छात्र-छात्राओं के बीच यूनिफार्म व बैग का वितरण किया गया। खंड विकास अधिकारी हरि शंकर देव पांडेय ने 32 छात्र-छात्राओं को यूनिफार्म व बैग दिए। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी दिलीप कुमार, प्रधानाध्यापिका शहनाज बानो, उमाकांत पांडेय, तिलक राम, महेंद्र जयसवाल व अरविंद पांडेय उपस्थित रहे।