ओबरा। बिल्ली-मारकुंडी के ग्रामीणों ने गुरुवार को गांव के बीडीओ चोपन का पुतला फूंका। उन पर सरकारी धन के बंदरबांट के आरोप में ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। डीएम से पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। प्रधान, सेक्रेटरी पर लाखों रुपये के बंदरबांट का आरोप लगाया।
उज्वल लोक कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष लल्लू प्रसाद एवं उपाध्यक्ष विकास भारती ने कहा कि ग्राम पंचायत में 14वां वित्त 2016-17 में हुए विकास कार्यों का विवरण बीडीओ चोपन से मांगा गया। इसमें कई ऐसी बातें सामने आई जो चौंकाने वाली थी। इसमें सुंदरीकरण के नाम पर हैंडपंप, नाली सफाई, खड़ंजा, पानी वितरण, सड़क मरम्मत, नलकूप मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये का घोटाला किया गया है। आरोप लगाया कि तत्कालीन सेक्रेट्री ग्राम प्रधान बिल्ली मारकुंडी एवं ब्लाक चोपन के अधिकारियों की मिलीभगत से लाखों का गबन किया गया है। आरोप लगाया कि एडीओ पंचायत की जांच में पूर्व सेक्रेट्री एवं ग्राम प्रधान दोषी पाए गए हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। इस दौरान अमृतलाल, जेडी, अमरजीत, संतोष, जितेंद्र कुमार, विजय कुमार, मोनू शुक्ला, दिनेश कुमार, विनोद मौजूद रहे।