अनपरा। ऊर्जांचल में बुधवार की शाम खाद्य विभाग की छापेमारी से हड़कंप मच गया। अभिहित अधिकारी मानिक चंद्र के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मसाला, मेवा व खोवा का नमूना लेने के बाद उसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोग शाला भेज दिया। खाद्य विभाग के अधिकारियों का सूचना मिली थी कि ऊर्जांचल में बड़े पैमाने पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की खपत हो रही है। इसी के तहत शाम करीब साढ़े छह बजे अनपरा पहुंची टीम ने राहुल कुमार गुप्ता के दुकान से अखरोट व सत्येंद्र की दुकान से काजू का नमूना लिया। अभिहित अधिकारी ने बताया कि रेणुकूट में विजेंद्र जायसवाल की दुकान से हल्दी, उमेश चंद्र की दुकान से सूजी, राजेंद्र कुमार की दुकान से सूजी, राकेश अग्रहरि की दुकान से खोवा व श्याम इंटर प्राइजेज से हल्दी का नमूना लिया गया है।