सोनभद्र। मनमानी दाम पर बालू बेचने वाले ठेकेदारों पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। अमर उजाला की खबर को संज्ञान में लेकर डीएम पीके उपाध्याय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर ठेकेदारों को स्पष्ट शब्दों में कहा है कि बरसात से पूर्व के दर ही अब भी बालू बेचना होगा। उन्होंने इसके लिए एसडीएम, खनन अधिकारी और ठेकेदार को निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि जिले में एक अक्टूबर से अधिकृत कुछ बालू, मोरंग की साइडें चालू हुईं हैं और कुछ चालू हो रही है। उन बालू साइडों के पट्टेदारों को हिदायत दी गयी है कि वे जिस रेट में बरसात से पहले बालू बेच रहे थे, उसी रेट से वर्तमान में यानी बरसात के बाद भी बेचेंगें। बरसात के बाद बालू के रेट में कोई बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। डीएम ने अफसरों को निर्देश दिया है कि वे बरसात के पहले के रेट पर ही बालू की बिक्री सुनिश्चित कराएं। बालू का रेट बढ़ने न पाये।